तेरे गुस्से को यूँ हवा देंगे
तेरे गुस्से को यूँ हवा देंगे
जब तू देखेगा मुस्कुरा देंगे
हम तुझे इस तरह सज़ा देंगे
बेवफ़ाई तेरी भुला देंगे
ज़हनियत को तेरी बदलना है
बद्दुआ के एवज दुआ देंगे
हार कर जीत कैसे मिलती है
खेल तो खेल हम बता देंगे
ज़िन्दगी हैं हमारी तेरे ख़त
साथ अपने इन्हें जला देंगे
ख़ुश रहेगा तू मुत्मइन कर दे
क़त्ल की अपने हम रज़ा देंगे
जो नहीं हँसते एख़लाक़न भी
वो भला दिल किसी को क्या देंगे
हम समझते थे ज़िन्दगी जिनको
क्या पता था वही कज़ा देंगे
मौत का तू नहीं बना बाइस
मरते दम तक यही सदा देंगे
ख़ैरमक़दम तेरा करे दुनिया
ऐसा माहौल हम बना देंगे
Comments
Post a Comment